पत्नी, पिता और मां ने विनय नरवाल की तस्वीर को किया सेल्यूट
श्रद्धांजलि सभा में विनय नरवाल के दादा हवा सिंह, पिता राजेश नरवाल, मां आशा नरवाल, पत्नी हिमांशी व बहन सृष्टि नरवाल ने विनय नरवाल की तस्वीर को सेल्यूट किया।
सभा में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की हत्या से परिवार को जो क्षति हुई है, उसकी पूर्ति नहीं की जा सकती लेकिन जनप्रतिनिधि व समाज के नाते सब इस परिवार के साथ खड़े हैं। इस दुख की घड़ी में केंद्र और प्रदेश की सरकार परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लेफ्टिनेंट विनय की श्रद्धांजलि सभा में आने वाले लोगों के लिए सही व्यवस्था करें और सुरक्षा व यातायात के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की श्रद्धांजलि सभा में आने वाले लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए करनाल क्लब, मीनार रोड व बीडीपीओ कार्यालय परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस विभाग की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व ट्रैफिक को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मौके पर उपायुक्त उत्तम सिंह सहित विनय नरवाल के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।
श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में असंध विधायक योगेंद्र राणा, डीसी उत्तम सिंह, एसपी गंगाराम पूनिया, गजेंद्र फोगाट, एसडीएम अनुभव मेहता, नौसेना मुख्यालय की ओर से कैप्टन अमित पुरी, कैप्टन शोभित अग्रवाल, लेफ्टिनेंट प्रिया, नौसेना अधिकारी, विनय के पिता राजेश नरवाल, माता आशा देवी, दादा हवा सिंह, विनय की पत्नी हिमांशी, विनय की बहन सृष्टि, हिमांशी के पिता सुनील स्वामी, पूनम, महेश यादव, लोकसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा शामिल रहे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम विड़ला, केंद्रीय मंत्री और सांसद मनोहर लाल खट्टर व नौसेना अध्यक्ष एडमिरल दिनेश त्रिपाठी सहित कई लोगों ने शोक संदेश भेजा। सामाजिक संस्था जॉनी अल्ट्रा और हैप्पी एथलीट की संस्था के सदस्य गन्नौर से करीब 100 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके पहुंचे और विनय को श्रद्धांजलि दी।