करनाल। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों की हड़ताल लंबी होती जा रही है। 20वें दिन सोमवार को भी कर्मियों ने केंद्रों को बंद रखकर लघु सचिवालय के समक्ष धरना दिया। दोपहर तक धरने के बाद रोष मार्च निकाला। जुलूस के रूप में एकत्रित होकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांधी चौक तक गईं। इस दौरान अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और सरकार को कोसा। इस दौरान वादाखिलाफी के आरोप लगाए। उन्होंने सरकार ने चेताते हुए कहा कि 29 दिसंबर को यूनियन के साथ बातचीत में मांगों को हल नहीं किया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और हेल्पर यूनियन के बैनर तले धरने की अध्यक्षता घरौंडा की सचिव रीना ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अक्तूबर 2018 में कार्यकर्ताओं का मानदेय 1500 रुपये और सहायक का 750 रुपये बढ़ाने की घोषणा की थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने मानदेय नहीं बढ़ाया। न ही कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन दिए जा रहे हैं। फिर भी ऑनलाइन कार्य करने का दबाव बनाया जा रहा है। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव सुशील गुर्जर, जनवादी महिला समिति की सचिव जरासो देवी, नगर पालिका कर्मचारी संघ की राज्य सचिव शारदा, सीटू प्रधान सतपाल सैनी, उपप्रधान ओपी माटा, सचिव जगपाल राणा और जोगा सिंह विशेष तौर पर पहुंचे। कार्यक्रम में सुदेश रानी, श्याम बाला, बृजबाला, निर्मला, सरोज कुमारी, पूनम, आशा, कमलेश और इंद्रेश आदि मौजूद रहे।