संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग की अतिरिक्त निदेशक ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल में जुलाई 2022 में 27 एसआर (सीनियर रेजिडेंट) की भर्ती के लिए हुए साक्षात्कार रद कर दिए हैं। अब दोबारा भर्ती निकाली जाएगी और साक्षात्कार संपन्न कराए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर ने इस भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए साक्षात्कार में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया था। इन साक्षात्कार के जरिए मेडिकल कॉलेज के निदेशक पर अपने बेटे को लाभ पहुंचाने का आराेप लगाया था।
कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में जुलाई 2022 को सीनियर रेजिडेंट (एसआर) के 27 पदों पर भर्तियां निकाली गई थी। जिसके खिलाफ कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. निवेश अग्रवाल ने सरकार को शिकायत भेजी कि निदेशक ने नियमों को दरकिनार कर, जिस मेडिकल कॉलेज से उनका बेटा एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है, वहां से विशेषज्ञ बुलाए। इस शिकायत पर सरकार ने दो आईएएस और एक एचसीएस अधिकारी की कमेटी बनाकर जांच बैठा दी। जांच कमेटी में शामिल आयुष विभाग के महानिदेशक डाॅ. साकेत कुमार और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक राजनारायण कौशिक और एचसीएस मिनाक्षी राज शामिल थीं। जांच कमेटी के चेयरमैन डॉ. साकेत कुमार ने रिपोर्ट पूरी कर सरकार को सौंप दी। जिसके बाद मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग की अतिरिक्त निदेशक ने भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी है।
उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेज से शिक्षक बुलाने पर विवाद
एसआर की भर्ती में चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के निर्देशानुसार साक्षात्कार में काॅलेज निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक, आंतरिक विशेषज्ञ और विषय से संबंधित बाहरी विशेषज्ञ शामिल होंगे। बाहरी विशेषज्ञ कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज से बाहर का होना चाहिए था। आरोप है कि निदेशक ने बाहरी विशेषज्ञ के लिए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल को पत्र लिखा और 13 विषयों के विशेषज्ञों की मांग की। जबकि बाहरी विशेषज्ञ को बुलाए जाने के निर्देश में दूसरे राज्य से मेडिकल कॉलेज से बुलाए जाने की बात नहीं थी।
बेटे को लाभ पहुंचाने के लिए उसके कॉलेज से बुलाए डॉक्टर : डॉ. निवेश अग्रवाल
डॉ. निवेश ने आरोप लगाया था कि डाॅ. जेसी दुरेजा का बेटा मुजफ्फरनगर मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस का विद्यार्थी है। बेटे के शिक्षकों को प्रभावित करने के लिए उसी मेडिकल कॉलेज से बाहरी विशेषज्ञ बुलाए गए हालांकि मुजफ्फरनगर मेडिकल काॅलेज के पास दो विषयों के विशेषज्ञ नहीं थे तो खानपुर मेडिकल कॉलेज और रोहतक पीजीआई से विशेषज्ञ बुलाए गए। डाॅ. निवेश का आरोप था कि प्रदेश के सरकारी और निजी कॉलेजों को छोड़कर दूसरे प्रदेश से विशेषज्ञों को बुलाना गलत है। वह भी तब जब साक्षात्कार ऑनलाइन लेने थे।
जुलाई 2022 में 27 पदों पर निकाली थी भर्ती
कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में जुलाई 2022 को सीनियर रेजिडेंट (एसआर) के 27 पदों पर नियुक्ति निकाली गई थी। इनमें एनाटॉमी के एक, जनरल सर्जरी के तीन, बायोकेमिस्ट्री के दो, ईएनटी के एक, गायनी के चार, पल्मोनरी मेडिसन के एक, पैथोलॉजी के तीन, आर्थोपेडिक्स के एक, त्वचा रोग के एक, एनेस्थेलॉजी के तीन, जनरल मेडिसन के एक, पीडियाट्रिक के चार और रेडियोलॉजी के दो पदों पर भर्ती निकाली थी।
कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के साथ चार कॉलेजों की भी हुई थी जांच
कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ जांच कमेटी ने तीन और कॉलेजों की भर्ती प्रक्रिया की जांच की थी। इसमें अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कॉलेज फरीदाबाद, भगत फूल सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां सोनीपत व एसएचकेएम राजकीय मेडिकल कॉलेज नूह शामिल हैं। इसमें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल और अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कॉलेज फरीदाबाद की भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाई गई हैं।