110:मंगल सेन सभागार में बाल दिवस को लेकर पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इस अबसर पर कई स्कूलों के ?
करनाल। बाल दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद एवं बाल भवन की ओर से हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंगलवार को सम्मानित किया गया। डॉ. मंगलसेन सभागार में आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में 17 प्रतियोगिताओं के 730 विजेता विद्यार्थी सम्मानित हुए। चार आयु वर्गों में 11 से 14 अक्तूबर को प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था, जिसमें जिले भर के विभिन्न स्कूलों से हजारों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था।
मंगलवार को हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल कल्याण अधिकारी विश्वास मलिक ने की। मुख्य अतिथि एसीयूटी प्रदीप सिंह और विशिष्ट अतिथि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की पूर्व मानद महासचिव संतोष अत्रेजा और असंध के एसडीएम मनदीप कुमार पहुंचे। कार्यक्रम में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं की प्रतिभागिता चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका लोगों ने अवलोकन भी किया। मंच संचालन काछवा स्कूल की प्रिंसिपल उर्वशी विग ने किया। राजकीय महिला महाविद्यालय की नंबर-7 हरियाणा बटालियन की एनसीसी कैडेट्स ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर डीडीपीओ राजबीर खुंडिया, डिवीजनल बाल कल्याण अधिकारी अमरनाथ नरवाल, एमडीडी बाल भवन के संचालक पीआर नाथ, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा मौजूद रहे।
पढ़ने के साथ-साथ सीखना भी जरूरी : एसीयूटी
एसीयूटी प्रदीप सिंह ने कहा कि मानव संसाधन का विकास जरूरी है तभी राष्ट्र तरक्की करेगा। आज के समय में पढ़ने के साथ-साथ सीखना भी जरूरी है। यदि बच्चे ऐसा करेंगे तो आने वाले समय में बेरोजगारी भी दूर होगी। बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत है उनको सही दिशा दिखाने की।