करनाल। विदेश भेजने के नाम पर 6.50 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव मिराजी कुरुक्षेत्र निवासी आरोपी निरवेर सिंह, पलविंद्र सिंह, गांव कुराली निवासी सोनू, गांव मद्दीपुर कुरुक्षेत्र निवासी पुलिस कर्मी सुखदेव सिंह तथा प्रभजोत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में वसंत विहार निवासी हरमीत कौर ने बताया कि उसकी बेटी आरोपी प्रभजोत कौर आरोपी निरवेर सिंह के साथ रहती है ये दोनों जुलाई में उसके घर आए और उसके बेटे विक्रम को विदेश भेजने के सपने दिखाए। बोले कि विदेश भेजकर ग्रीन कार्ड भी दिला देंगे। इसके लिए 10 लाख रुपये खर्चा लगेगा। उन्होंने आरोपी को अलग-अलग समय में 6.50 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद उसके बेटे को 18 अगस्त को आरोपियों ने सर्बिया भेज दिया। फिर उसकी बेटे से बात नहीं हुई। उन्हें शक हुआ तो वह आरोपियों से मिली। उनके साथ पंचायत की तो आरोपी ने 3.50 लाख रुपये वापस देने की बात कही लेकिन अब तक रुपये नहीं दिए। उलटा धमकी दे रहे हैं। आरोपियों ने उसके बेटे को गायब कर दिया है। इनमें एक आरोपी पुलिस कर्मी भी है जो उन्हें धमकी देता है।