करनाल। सोशल प्लेट फार्म पर पुराना मोबाइल बेचने का विज्ञापन दिया तो ठग ने शहर के युवक के खाते से 15000 रुपये ठग लिए। मामले की रिपोर्ट साइबर अपराध थाने में दर्ज की गई है।
सेक्टर आठ निवासी राजीव कपूर ने साइबर अपराध थाने में दर्ज कराई शिकायत में कहा कि उनके बेटे देवांक कपूर के पंजाब नेशनल बैंक के बचत खाते में 32 हजार रुपये जमा किए थे। इसी बीच एक सोशल प्लेटफार्म पर उसने अपना पुराना मोबाइल बेचने के लिए विज्ञापन दिया। 16 सितंबर को एक खरीदार ने फोन खरीदने में रुचि दिखाई और भुगतान के लिए पेटीएम से पहले 10 रुपये देवांक से डालने को कहा। उसने दस रुपये डाले तो उसने 20 रुपये वापस भेज दिए। इसके बाद खरीदार ने देवांक को अपने जाल में फंसा कर 15 हजार रुपये उसके खाते से निकाल लिए। अगली बार फिर उसने वही प्रक्रिया अपनाई तो देवांक सतर्क हो गया। लेकिन तब तक उसने 15 हजार रुपये निकाल लिए थे। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।