कैथल। इतिहास संकलन समिति हरियाणा, कैथल इकाई के द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में कैथल का योगदान विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को आजादी की लड़ाई में योगदान देने वालों के बारे जानकारी होनी चाहिए।
आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले महाश्य काका राम, महाश्य रामकिशन गुप्ता, नराता राम भल्ला, फग्गुराम अग्रवाल, महाशय हंसराज, महाशय ब्रजलाल, बाबा कणक पुरी एवं देवीदयाल ठठेरा के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करते हुए प्रो. भारद्वाज ने इस बात पर जोर दिया कि युवा पीढ़ी को इनकी जानकारी अवश्य होनी चाहिए। ये सभी स्वतंत्रता सेनानी न केवल जेल में रहे बल्कि इन्होंने स्वतंत्रता के पश्चात पाकिस्तान से आए भारतीयों को पुनर्वास संबंधी सहयोग भी दिया। देवीदयाल ठठेरा के पौत्र ओमप्रकाश को सम्मानित भी किया गया। बतौर मुख्यातिथि आरवीएस कोषाध्यक्ष सुनील चौधरी ने इस बात पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि वे महाश्य ब्रजलाल के परिवार से हैं। उन्होंने इस तरह के आयोजन के लिए सदा सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
सभा के अध्यक्ष प्रो. रमेश धारीवाल ने कैथल इकाई के इस भव्य आयोजन के लिए प्रशंसा की एवं बधाई दी। इससे पहले इस कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन से हुआ। उसके पश्चात कैथल ईकाई के प्रधान कमलेश शर्मा, उपप्रधान प्रो, अशोक अत्रि ने सभी अतिथियों का परिचय करवाया। मधु गोयल ने देशभक्ति गीत गाकर माहौल को राष्ट्रवादी बनाया। कार्यक्रम के अंत में राजीव एवं कमल शर्मा ने भगत सिंह पर रागिनी गाई। इस अवसर पर समिति के प्रांत संगठन सचिव कुलदीप चंद, विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। इस अवसर पर प्रो. आशा, प्रो. संयोगिता, मधु गोयल, रिसाल जांगड़ा, साहित्य अकादमी से सम्मानित युवा लेखक राजेश भारती, लख्मीचंद पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध कवि रामफल गौड़ , प्रो राजीव शर्मा आदि मौजूद रहे। कमलेश शर्मा ने मंच संचालन किया।