16-कैथल। करनाल रोड स्थित रेलवे फाटक पर टूटा पड़ा बेरीकेट।
- फोटो : Kaithal
कैथल। करनाल रोड स्थित लघु सचिवालय के पास रविवार को एक ट्रैक्टर चालक ने फाटक तोड़ दिया। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान काफी देर तक जाम की स्थिति भी बनी रही। फाटक तोड़े जाने के बाद रेलवे पुलिस भी हरकत में आई तो ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
करनाल रोड पर फाटक नंबर 34/सी के गेट मैन गुरदेव सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे उन्हें कैथल रेलवे स्टेशन से फाटक बंद करने का संदेश मिला। बताया गया कि यहां से इंजन गुजरेगा। इस दौरान एक एंबुलेंस वहां से जा रही थी। एंबुलेंस को निकालने लगा तो पीछे ही ट्रैक्टर आ गया। चालक ने ट्रैक्टर के पीछे एक लेंटर डालने वाली मशीन लगा रखी थी। जैसे ही फाटक बंद करने लगा तो फाटक उसमें अटक गई।
इससे एक तरफ से फाटक टूट गया। फाटक टूटने के बाद यहां पर वाहनों की भीड़ हो गई। गनीमत यह भी रही कि मौके पर ही रेलवे पुलिस के कर्मचारी भी पहुंच चुके थे। उन्होंने वहां से गुजर रही ट्रैफिक को रुकवाया। इसके बाद इंजन यहां से निकला। यदि पुलिस कर्मी न होते को दुर्घटना भी हो सकती थी। इसके बाद वाहनों को दूसरी तरफ से निकालना शुरू किया। दोपहर बाद फाटक के ऑप्रेशन इंजीनियर फाटक ठीक करने के लिए पहुंचे। उन्होंने फाटक को ठीक किया।
इस मामले में रेलवे पुलिस नरवाना के इंचार्ज एसआई संदीप ने बताया कि उन्हें गेट मैन की तरफ से फाटक तोड़ने की शिकायत मिली थी। इस पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।