अखिल भारतीय रेलवे स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के आह्वान पर 31 मई को देश के 35 हजार रेलवे स्टेशन मास्टर अपनी मांगों को लेकर एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। सामूहिक अवकाश के कारण एक दिन के लिए पूरे देश में रेल के पहिये जाम रहेंगे।
स्टेशन मास्टर एनके शर्मा व जयवीर दीक्षित ने बताया कि उनकी एसोसिएशन सात अक्तूबर 2020 से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत है। मांगों को लेकर सभी 35000 स्टेशन मास्टर रात्रि शिफ्ट में रेलवे स्टेशनों पर मोमबत्ती जलाकर और एक सप्ताह तक काले बैज लगाकर ट्रेन संचालन जैसे विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं पर कोई सुनवाई नहीं हो पाई। अब एसोसिएशन ने 31 मई को अवकाश लेने का फैसला लिया है। शर्मा ने बताया कि मांगों में मुख्य रूप से रेलवे की सभी रिक्तियों को शीघ्र भरना व सभी रेल कर्मचारियों को बिना किसी अधिकतम सीमा के रात्रि ड्यूटी भत्ता बहाल करना शामिल है। इसके अलावा स्टेशन मास्टरों के संवर्ग में एमएसीबी का लाभ 16 फरवरी 2018 के बजाय एक जनवरी 2016 से प्रदान करना व संशोधित पदनामों के साथ संवर्ग का पुनर्गठन करना शामिल है।