Portal opened in the afternoon, fees could not be deposited
- फोटो : Kaithal
कॉलेजों में दोपहर को ओपन काउंसलिंग के लिए पोर्टल खुला, ऐसे में दाखिला लेने के लिए पहुंचे विद्यार्थियों को सुबह से लेकर दोपहर तक इंतजार करना पड़ा। खाली सीटों पर दाखिला लेने के लिए पहुंचे विद्यार्थियों के आवेदन व दस्तावेज तो मंगलवार को जमा करवा लिए गए, लेकिन फीस जमा नहीं करवाई गई। अब कॉलेजों में बुधवार को मेरिट सूची तैयार कर विभिन्न संकायों में दाखिले के लिए विद्यार्थियों की फीस जमा करवाई जाएगी।
गौरतलब है कि ओपन काउंसलिंग के लिए 28 सितंबर का दिन निर्धारित किया गया था। इसी दिन विद्यार्थी फीस भी जमा करवा सकते थे, लेकिन पोर्टल नहीं खुलने के कारण विद्यार्थियों को दस्तावेज जमा करवाकर वापस भेज दिया गया। बुधवार को पूरा दिन विद्यार्थी फीस जमा करवा सकेंगे।
इस समय जिले के 15 सरकारी व निजी कॉलेजों में विभिन्न डिग्री कोर्सों में सैकड़ों सीटे खाली पड़ी हैं। बीए और बीकॉम में भी कॉलेजों में निर्धारित सीटों पर पूरे दाखिले नहीं हुए हैं। अब बुधवार को प्राथमिकता के आधार पर विद्यार्थियों को दाखिले दिए जाएंगे।
आरकेएसडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने बताया कि काउंसलिंग के लिए विद्यार्थियों ने अपने फार्म जमा करवाए हैं। सूची बुधवार को सुबह 10.00 बजे सूचना पट्ट पर लगा दी जाएगी। इसमें शामिल अभ्यार्थियों को कल तक ही फीस जमा करवानी होगी। अगर सीटें बचती हैं तो 30 सितंबर को फिर से यही प्रकिया अपनाई जाएगी। उसके लिए विद्यार्थी पोर्टल पर अपने आवेदनों में अपने पंसद के कॉलेज एवं विषयों की पसंद के अनुसार बदलाव कर पाएंगे। इनकी सूची 1 अक्तूबर को लगेगी। इसी दिन से कक्षाओं का शुभारंभ भी हो जाएगा।
वहीं आईजी कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या आरती गर्ग ने कहा कि दाखिला लेने वाली छात्राएं सुबह जल्द कॉलेज में पहुंचें और बाकी सीटों पर दाखिला लें।