हरियाणा के कैथल शहर के भगत सिंह चौक और करनाल रोड पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने शहर में खाद्य पदार्थों की दो दुकानों पर छापामारी की। इस दौरान जिला खाद्य निरीक्षक की टीम ने दोनों ही दुकानों से खाद्य पदार्थों ने पांच नमूने लिए। टीम ने नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम के प्रभारी सहायक निरीक्षक विजेंद्र सिंह व जिला खाद्य निरीक्षक डॉ. गौरव शर्मा के नेतृत्व में की गई। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम के प्रभारी सहायक निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया कि गुप्त जानकारी मिली थी कि सरसों का तेल निकालने वाले कारखाने में कुछ गड़बड़ी होती है। इस संबंध में उन्होंने जिला खाद्य निरीक्षक को जानकारी दी और उन्हें बुलाया। इसके बाद दुकान पर जांच की और नमूने भरे।
इसी प्रकार से करनाल रोड स्थित एक बेकरी से भी सैंपल भरे गए हैं। उन्होंने बताया कि सरसों का तेल निकालने वाले कारखाने से तीन और बेकरी से दो सैंपल लिए गए हैं। जिला खाद्य निरीक्षक उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजेंगे।
जिला खाद्य निरीक्षक डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि अब त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में कई दुकानदार खाद्य पदार्थों मिलावट कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हैं। उनकी टीम अब लगातार शहर में दुकानों की जांच करेगी, ताकि दुकानदार कोई भी गड़बड़ी न कर सके।