कैथल। निजी स्कूलों में निशुल्क पढ़ाई के लिए 134-ए के तहत रविवार को विभिन्न स्कूलों में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है।
134-ए के तहत जिले में इस बार 6658 सीटों पर 3915 विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए आवेदन किया है। परीक्षा के लिए जिलेभर में 13 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में सिर्फ वही विद्यार्थी शामिल होंगे, जिन्होंने पिछली कक्षा प्राइवेट स्कूल से पास की है, जबकि सरकारी स्कूल में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए पिछली कक्षा के नंबर दाखिले का आधार बनेंगे। विदित हो कि बीते वर्ष कोरोना महामारी की वजह से नियम 134-ए के तहत नए दाखिले नहीं हो पाए थे। इस बार भी दाखिलों के लिए देरी से शेड्यूल जारी किया गया, जिस कारण कम संख्या में ही विद्यार्थियों ने 134-ए की खाली सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन किया है।
परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को फोटो और आईडी प्रमाण पत्र लाना होगा। रजिस्ट्रेशन फार्म की एक कॉपी व परीक्षा के लिए पेंसिल या नीला पेन लाना होगा। परीक्षा के दौरान अपने साथ मोबाइल या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं रख सकते। विद्यार्थी परीक्षा के दौरान पानी की बोतल ले जा सकते हैं। विद्यार्थी को पंजीकरण फार्म की एक प्रति पोर्टल से डाउनलोड करके लानी होगी। साथ ही विद्यार्थी को 15 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।