नगर के पूंडरी चौक पर सड़क के दोनों ओर गति अवरोध न होने की वजह से नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि वाहन चालक इतनी तेज गति से वाहन लेकर निकलते है। जिससे कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी है।
दुकानदार सिंधा, रमेश, सोमपाल, कृष्ण, रामफल, नीरज, गोल्डी ने बताया कि विद्यालय एवं धर्मशाला दोनों संस्थाएं असंध मार्ग के किनारों पर स्थित हैं। जहां हर समय विद्यार्थी एवं नगर वासियों का आवागमन लगा रहता है व सरकारी कार्यालय भी इसी मार्ग पर स्थित होने की वजह से लोगों की आवाजाही लगी रहती है। इस मार्ग पर चहल-पहल अधिक होने के कारण हर वक्त स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को अनहोनी का भय बना रहता है, क्योंकि वाहन चालक तेज गति व लापरवाही से वाहन दौड़ा कर निकलते हैं। छुट्टी के समय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राएं निकलते हैं और लापरवाह वाहन चालक अपने वाहनों की गति कम नहीं करते, जिससे कोई भी दुर्घटना होना आम बात है। लोगों ने मांग करते हुए कहा कि असंध रोड व कैथल रोड पर एक-एक गति अवरोधक का निर्माण करवाया जाए ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका न रहे।