Crowd gathered for the recruitment of police constable, jammed
- फोटो : Kaithal
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित सिपाही पद के लिए लिखित परीक्षा के चलते शनिवार को पूरे शहर में जाम की स्थिति रही। सभी मुख्य मार्गों पर शिक्षण संस्थानों में परीक्षा केंद्र बनाए गए। सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर वाहनों का दिन भर जमावड़ा रहा।
सुबह व शाम के सत्र में आयोजित परीक्षा के चलते स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिले में कुल 35 सेंटर बनाए गए हैं।
हालांकि ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी भी दिन भर जाम खुलवाने में लगे रहे, लेकिन वाहनों की भीड़ इतनी थी कि परीक्षा समाप्ति के बाद तक शहर की मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति थी। इस दौरान राहगीरों को आवागमन में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर तो जाम की स्थिति बनी रही। राहगीरों को गुजरने में भी काफी समय लगा। वहीं पूरा दिन बस स्टैंड पर भी काफी भीड़ उमड़ी हुई थी। शहर के मुख्य चौक चौराहों पर गाड़ियों की लंबी लंबी कतारें लगी नजर आई। वाहन चालकों को अपने वाहन निकालने के लिए काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
हरियाणा पुलिस परीक्षा में पहले दिन जैमर ऑन होते ही लोगों के मोबाइल से न तो कॉल हो रही थी और न ही इंटरनेट के माध्यम से कोई काम हो रहा था। नेट धीमे चलने के कारण ऑनलाइन काम करने वाले लोगों को और ऑनलाइन पेमेंट करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर में शिक्षण संस्थाओं में 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मचारियों ने सुबह ही जैमर ऑन कर दिए। इसका खामियाजा आसपास के ऑनलाइन कार्य करने वाले लोगों को झेलना पड़ा। करनाल रोड पर जाट शिक्षण संस्था के पास स्थित पेट्रोल पंप व अन्य दुकानदारों की ग्राहक ऑनलाइन पेमेंट कर रहे थे, लेकिन पेमेंट न होने से ग्राहकों व दुकानदारों को मायूसी झेलनी पड़ी। वहीं कई दुकानदारों की सेल पर भी काफी प्रभाव पड़ा। परीक्षा केंद्रों पर लगे जैमर लोगों के लिए परेशानी का सबब बने रहे। सुबह नौ बजे ही परीक्षा केंद्रों पर कर्मचारियों द्वारा जैमरों को ऑन कर दिया गया था और शाम को साढ़े चार बजे परीक्षा खत्म होने के बाद ही जैमर बंद किए गए। दिनभर करीब 8 घंटे कई लोगों का ऑनलाइन कार्य बाधित रहा।