कैथल। प्रदेश में लिंग जांच को लेकर की गई सख्ती के बाद इस धंधे में संलिप्त लोगों ने यूपी को अपना ठिकाना बना लिया है। ऐसे ही एक गिरोह का भंडाफोड़ करनाल के स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया गया। जिसमें कैथल में पनप रहे गिरोह द्वारा यूपी में लिंग जांच करवाई जा रही थी।
करनाल में 12 के खिलाफ दर्ज जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को कैथल हस्तांतरित कर दिया है। करनाल पुलिस द्वारा दबोचे गए 8 लोगों को भी कैथल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
करनाल के सिविल सर्जन डा. संत लाल वर्मा की शिकायत के अनुसार करनाल में लेडी कांस्टेबल मनजीत कौर को फर्जी ग्राहक के तौर पर तैयार किया गया। वहीं डा. नीरू बाला को उसकी जेठानी बताते हुए एक व्यक्ति से लिंग जांच के लिए संपर्क किया। उक्त व्यक्ति उन्हें करनाल से कैथल ले आया।
यहां गांव धौंस निवासी देव सिंह और एक निजी अस्पताल में कार्यरत भावना नर्स मिले। भावना को 22000 रुपये देने के बाद नरेश कुमार नामक व्यक्ति ने अपनी बहन सोनिया निवासी सोलू माजरा को कार में बैठा लिया। इसके बाद एक अन्य कार भी इस कार के पीछे चली। जिसमें दो गर्भवती महिलाएं और तीन लड़के मौजूद थे। दोनों कारें यूपी के शामिली में गई जहां डा. रवि के नाम से कुछ लोग खेतों में ही यह धंधा चलाए हुए थे। हालांकि भनक लगने पर वे लोग पोर्टेबल मशीन लेकर फरार हो गए।
इसके बाद विभाग की टीम ने वहां पहुंचे देव सिंह सहित अन्य से 39000 रुपये और 8 मोबाइल बरामद करते हुए 8 लोगों को काबू कर लिया। जांच में पता चला कि गिरोह की सरगना निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स भावना पाई गई। जो देव सिंह सहित अन्य के सहयोग से इस धंधे को अंजाम दे रही थी। वहीं इस कार्य में धौंस में आरएमपी नरेश कुमार भी संलिप्त है। वहीं पुनीत मलिक निवासी सुभाष नगर बच्चों की लिंग जांच करवाने के लिए आदमी और औरतों को किराये की कार में यूपी लेकर जाता है।
सिविल सर्जन की शिकायत पर इस मामले में निजी अस्पताल की नर्स भावना, धौंस निवासी नरेश कुमार और देव सिंह, गांव सोलू माजरा निवासी सोनिया पत्नी मान सिंह, अनिल और बिंदी पत्नी अनिल कुमार निवासी माघो माजरी, कमल, पूनम पत्नी कमल और बलवान निवासी खुराना, पुनीत मलिक निवासी सुभाष नगर, यूपी में इस कार्य को करने वाले डा. रवि और अन्य व्यक्ति सहित कुल 12 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने इस मामले में भावना, डा. रवि, भावना के सहयोगी दो अन्य को छोड़कर शेष 8 को मौके से हिरासत में ले लिया। इसके बाद कैथल पुलिस ने इन 8 को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि करनाल पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने 8 को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जीरो एफआईआर कैथल हस्तांतरित कर दी गई है। पुलिस ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह छापेमार कार्रवाई की है। शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।