मीरानपुर कटरा से जलालाबाद को जाने वाले स्टेट हाईवे पर बीती देर रात बाइक से घर लौट रहे पिता-पुत्र के ऊपर लकड़ी से भरी ट्रॉली पलट गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई। इसके अलावा निगोही क्षेत्र में बृहस्पतिवार को भांजे की शादी में बाइक से जा रहे एक व्यक्ति और उसके रिश्तेदार की मौत हो गई। दोनों रिश्ते में जीजा-साले हैं। वहीं विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं हैं। यहां बता दें कि दोनों हादसों में बाइक सवार लोग हेलमेट नहीं लगाए थे।
मीरानपुर कटरा। जिला बरेली के थाना फ तेहगंज पूर्वी के गांव शिवपुरी रधौली निवासी नन्हें लाल (50) की मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव बरखेड़ा जैपाल में ससुराल है। बृहस्पतिवार को वह पुत्र राजवीर (29) के साथ अपनी ससुराल गए थे। उसी दिन वह शाम के वक्त बेटे के साथ बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जब वे जलालाबाद स्टेट हाईवे पर गांव सलेमपुर क्रास करके खैरपुर चौराहे की ओर बढ़ रहे थे तभी उनकी बाइक के आगे चल रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को उनके बेटे ने ओवरटेक करना चाहा। उधर, बाइक को ओवरटेक और सामने से आते दूसरे भारी वाहन को देखकर ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक ले लिए, जिससे अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली एक ओर पलट गई और पास से गुजर रहे बाइक सवार पिता-पुत्र बाइक समेत पलटी ट्रॉली के नीचे दब गए। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए बरेली भिजवाया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही दोनों की मौत हो गई।
उधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को जब्त कर लिया है। थाने पर मृतक के छोटे बेटे रिंकू की ओर से अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
निगोही। तिलहर थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर नगरिया निवासी सोनपाल ने अपने पुत्र अनिल की शादी निगोही थाने के गांव पिपरिया-उदयभानपुर निवासी फूलचंद्र की पुत्री बबली के साथ तय की। बारात का आना 14 जुलाई को तय हुआ था। सोनपाल अपने बेटे अनिल की बारात गाजे-बाजे के साथ पिपरिया ले आए। जलपान के साथ-साथ दरवाजे की रस्में अदा हो रही थीं। बारात में शिरकत करने तिलहर थाने के गांव अमनपुर गौटिया निवासी 26 वर्षीय गोधन अपनी बाइक से आ रहे थे। दूल्हा अनिल गोधन का भांजा है। गोधन के साथ उसका रिश्तेदार बाइक से हरदोई के थाना मझोला के गांव पलिया निवासी 40 वर्षीय विवेक भी आ रहा था। बाइक शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग के निगोही के गांव बनासदेवी व संडा खास के बीच पुलिया पर पहुंची ही थी कि किसी तेज गति से आ रहे वाहन से गोधन की बाइक से टक्कर हो गई। दुर्घटना में गोधन की मौके पर ही मृत्यु हो गई और विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
निगोही थानाध्यक्ष अमर सिंह यादव और विधायक रोशन लाल वर्मा ने घायल विवेक को अस्पताल भिजवाया। उसकी हालत बिगड़ने पर घर लखनऊ ले गए, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी भी मौत हो गई। यहां गोधन के शव का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सौंप दिया गया।