कैथल। गांव बीरबांगड़ा में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में बीरबांगड़ा निवासी बलबीर सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है।
12 जनवरी की शाम को उसका भतीजा कपिल गांव बीरबांगड़ा में शाम को जींद वाले रास्ते पर घूमने के लिए गया था। वह भी पहले से ही अपनी भैंसों को पानी पिलाने के लिए उसी सड़क पर बने तालाब पर खड़ा था। इस दौरान जींद की तरफ से एक गाड़ी चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए आया और उसके भतीजे कपिल को सीधी टक्कर मार दी। इससे उसका भतीजा घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। घायल को सिविल अस्पताल कैथल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। संवाद