संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नगूरां गांव की साध पटटी में बिजली का ट्रांसफार्मर करीब चार दिनों से खराब होने पर पीने के पानी की किल्लत से परेशान महिलाओं ने बुधवार रात को नगूरां गांव में जींद-असंध मार्ग पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। अलेवा थाना प्रभारी बीरबल सिंह मौके पर पहुंचे तथा बिजली निगम जेई से जल्द बिजली का ट्रांससफार्मर रखवानेे की बात कहकर महिलाओं को करीब आधे घंटे से लगे जाम को खोलने पर सहमत किया। जाम के कारण सडक़ के दोनों पर तरफ वाहनों की लंबी-लंबी लाइने लग गईं।
जाम लगा रही नगूरां गांव की महिलाओं ने बताया कि उनकी साध पट्टी में करीब चार दिनों से बिजली का ट्रांसफार्मर जला हुआ है। जिसके कारण उनकी पीने के पानी की सप्लाई ठप है। पीने के पानी के लिए महिलाओं को खेतों का रूख करना पड़ रहा है । मामले को लेकर बिजली निगम के अधिकारियों को सूचित किया, लेकिन उनके द्वारा बिजली का ट्रांसफार्मर रखने की बजाए केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। जिसके कारण नगूरां गांव की साध पट्टी में पूरे चार दिनों से पीने के पानी की एक बूंद भी नहीं है। पीने के पानी के लिए महिलाएं दर-दर की ठोकरें खा रही है। पीने के पानी के लिए महिलाओं को गांव की दूसरी कालोनियों का रूख करना पड़ रहा है। गांव की महिलाओं ने अलेवा थाना प्रभारी से उनकी कालोनी में बिजली का जल्द ट्रांसफार्मर रखवा कर पीने के पानी की सप्लाई चालू करने की मांग की है। अलेवा थाना प्रभारी ने बिजली निगम जेई से कालोनी में रखे बिजली के खराब ट्रांसफार्मर को जल्द बदलने के लिए कहा है ताकि कालोनी के लोगों को पीने के पानी की सप्लाई मिल सके।