हरियाणा के जींद जिले के नरवाना में मंगलवार रात करीब 12 बजे पुराने बस स्टैंड गांधी चौक पर दो कार आपस में टकरा गई। हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, दो-तीन महिला एवं पुरुष घायल हो गए। घायल महिलाओं को हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जिनमें से एक महिला बिंदर कौर की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार की रात को करीब 12 बजे पंजाब की ओर से एक कार आ रही थी। वहीं गुरथली गांव निवासी गुरदान अपनी गर्भवती बहन को डॉक्टर को दिखा कर लौट रहा था। जब वह दिल्ली पटियाला हाईवे पार कर अपने गांव की तरफ मुड़ने लगा तो पंजाब की ओर से आ रही दूसरी कार की चपेट में आ गया।
इस हादसे में गुरदान व उनकी कार चला रहे गुरथली निवासी बलकार की मौत हो गई। वही गुरुदान की बहन बिंदर गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरी गाड़ी में सवार दो लोगों को भी गंभीर चोट आई हैं हालांकि अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है।