जींद। ढाठरथ गांव के पास स्कॉर्पियो सवार तीन बदमाशों ने पांच अलग-अलग स्थानों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इनमें से एक पीड़ित ने पुलिस को शिकायत नहीं दी है। फिलहाल पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में ढाठरथ निवासी संजय ने बताया कि वह अपने दोस्त खेड़ी तलोडा निवासी सुखबीर को बाइक से अपने गांव से खेड़ी तलोडा छोड़ने के लिए शनिवार रात को लगभग नौ बजे जा रहा था। जब वे गांव से कुछ ही दूरी पर खेतों के पास पहुंचे तो एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी आई और उनकी बाइक के आगे अड़ा दी। उसमें से मुंह पर कपड़ा बांधे हुए तीन युवक उतरे, जिन्होंने उनके साथ लाठी व डंडों से मारपीट की। एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने जबरदस्ती उसका पर्स छीन लिया, जिसमें बाइक की आरसी, सात हजार रुपये की नकदी व दो चेक थे। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार बदमाश फरार हो गए। बदमाशों ने इसके आगे कुछ ही दूरी पर ढाठरथ से अलेवा रोड पर पराली की फैक्टरी में काम करके जा रहे मजदूर से चार हजार रुपये की नकदी पिस्तौल तानकर लूट ली। इधर, शामलो कलां निवासी सुनील ने बताया कि वह रात को अपने घर जा रहा था। जब वह पडाना गांव के पास पहुंचा तो स्कॉर्पियों सवार चार-पांच बदमाशों ने उसका रास्ता रोका और लाठी व बिंडों के साथ उससे मारपीट की। आरोपियों ने उससे 12700 रुपये छीन लिए और फरार हो गए। वहीं, पडाना निवासी राहुल भी जींद से घर की ओर आ रहा था तो उससे भी आरोपियों ने 900 रुपये लूट लिए। दोनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। इसके अलावा उक्त बदमाशों ने खरकरामजी गांव के पास एक व्यक्ति से 1500 रुपये की नकदी भी लूट ली। हालांकि उसने पुलिस को शिकायत नहीं दी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी पिल्लूखेड़ा इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि अज्ञात स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।