रानी तालाब स्थित इनवर्टर बैटरी की दुकान के पीछे सुरक्षा के लिए लगाई गई ग्रिल के नीचे से तीन ईंट निकालकर चोर दुकान में रखे तीन लाख रुपये चोरी कर ले गए। दुकान मालिक की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने दुकान के कर्मचारी बिशनपुरा गांव निवासी मनजीत व किशनपुरा गांव निवासी विक्की के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में दुकान के मालिक राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले एक प्लॉट बेचा था जिसकी बकाया राशि 30 जनवरी को खरीददारों ने दी थी। इसकेे बाद उसने किसी जरूरी काम के चलते भिवानी जाना पड़ गया। इस दौरान वह उस नकदी को दुकान के गल्ले में रखकर चला गया लेकिन जब वह अगले दिन सुबह दुकान पर पहुंचा तो दुकान के पीछे लगी ग्रिल के नीचे से तीन ईंट निकली पाई और अंदर कमरों की कुंडी टूटी मिली। इसके बाद जब उसने दुकान में रखी नकदी की जांच की तो वह भी गल्ले से गायब थी। इस मामले में उन्होंने दुकान में ही काम करने वाले दो कर्मचारियों बिशनपुरा निवासी मनजीत व किशनपुरा गांव निवासी विक्की पर चोरी की आशंका जताई। इस मामले में शहर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि दुकान के ही दो कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।