जींद के गांव खापड़ और छात्तर में अनुसूचित जाति के लोगों के सामाजिक बहिष्कार के मामले में दिनेश खापड़ के नेतृत्व में लघु सचिवालय के बाहर सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है। धरना देने वाले लोगों की मांग है कि बहिष्कार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं, गांव छात्तर में एक बाहरी व्यक्ति पर जातीय विवाद भड़काने का आरोप लगाते हुए सद्भावना कमेटी ने कार्रवाई की मांग की है। कमेटी की तरफ से कहा गया है कि मंगलवार को एसएसपी से मिलकर इस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। बता दें कि गांव खापड़ में 27 अगस्त को एक अनुसूचित जाति के नाबालिग बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। इसमें 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, जिनमें से अभी तक तीन की गिरफ्तारी हुई है।
ये भी पढ़ें-
रोहतक: सोनीपत के भाई-बहन को पैसे दोगुने करने का झांसा दे लगाया चूना, तीन नामजद
कुछ लोग कर गए थे खापड़ गांव से पलायन
वहीं, चार सितंबर को गांव खापड़ के ही कुछ लोग पलायन भी कर गए हैं। इनमें से पांच परिवार 45 दिन बाद भी गांव से बाहर हैं। अब सामाजिक बहिष्कार करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लघु सचिवालय के सामने धरना शुरू हो गया है। वहीं, दूसरी तरफ छात्तर गांव में भी कुछ लोगों के बहिष्कार का मामला सामने आया था। इसमें आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। इन दोनों ही मामलों को लेकर यह धरना शुरू किया गया है।
ये भी पढ़ें-
हरियाणा: खर्च राशि का हिसाब देने में आनाकानी कर रहे कई विभाग, हरकत में आए वित्त सचिव
एसपी से मिलकर करेंगे कार्रवाई की मांग
वहीं, गांव छात्तर में बनाई गई सद्भावना कमेटी के सदस्य जितेंद्र छात्तर ने कहा कि कुछ बाहरी लोग आकर यहां पर लोगों को भड़का रहे हैं। इन लोगों ने साफ-साफ बदले की भावना से लोगों को उकसाया है। इसका वीडियो भी सामने आया है। मंगलवार को इस प्रकार जातीय विवाद को हवा देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सद्भावना कमेटी एसएसपी से मिलेगी। जितेंद्र छात्तर ने कहा कि किसी भी सूरत में गांव में आपसी भाईचारा खराब नहीं होने दिया जाएगा। गांव में सद्भावना बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही इसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे। गांव में बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग की जाएगी।