पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करवाने के मामले में रविवार को कैथल पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से दो तो परीक्षार्थी और दो प्रश्नपत्र को लीक करवाकर दूसरों तक सप्लाई करने के कार्य में शामिल थे। इस मामले में पुलिस को अब जींद के कई लोगों के शामिल होने का पता चला है। उक्त चार के अलावा सात लोग अभी भी फरार चल रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कैथल में लीक हुए पुलिस भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र के मामले में अभी तक जींद से 11 लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें से कैथल पुलिस ने पहले ही चार लोगों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया हुआ है। अब जो सात नाम और सामने आए हैं, उनको कैथल पुलिस जींद में तलाश रही है। कैथल पुलिस जिले के विभिन्न गांवों में लगातार छापा मार रही है। हालांकि जींद पुलिस भी इस कार्रवाई में साथ दे रही है। इनमें भी कुछ तो परीक्षार्थी थे और कुछ इनको प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाने वाले थे। कैथल पुलिस जिले की पुलिस के सहयोग से इन आरोपियों के ठिकानों पर तीन दिन से दबिश दे रही है। जिले जिन चार युवकों की पहले गिरफ्तार हुई है, उनकी निशानदेही पर जो अब सात नाम सामने आए हैं, उनके ठिकानों पर पुलिक की दबिश जारी है।
परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक करवाने के मामले में जींद पुलिस सहयोग के लिए हमेशा तैयार : एसपी
कैथल में पुलिस की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करवाने के मामले में पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर जींद से रविवार को चार युवकों को गिरफ्तार करके कैथल पुलिस को सौंपा गया था। इस मामले में आगे जो भी नाम आएंगे उनकी गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस कैथल पुलिस का हरसंभव सहयोग करेगी। -वसीम अकरम एसपी जींद।