पराली में लगी आग बुझाते लोग व मौके पर पहुंचे एसडीएम सुरेंद्र सिंह। संवाद
- फोटो : Jind
नरवाना। उपमंडल प्रशासन पराली जलाने के प्रति सख्त है। अवशेष जलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह बात एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने उझाना और खरल गांव के खेतों में फसल अवशेषों में लगाई आग को फायर ब्रिगेड की सहायता से बुझवाने के बाद मौजूद किसानों से कही।
रविवार को सूचना मिली थी कि खरल और उझाना गांव के खेतों में पराली में आग लगाई हुई है। सूचना पाकर एसडीएम सुरेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। उन्होंने रकबा को चिह्नित कर तत्काल पटवारी द्वारा संबंधित किसानों को नोटिस जारी करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि अवशेष जलाने के मामले में दोषियों को दो एकड़ तक ढाई हजार रुपये, दो से 5 एकड़ तक पांच हजार रुपये, 5 एकड़ से ज्यादा आग लगाने पर 15000 हजार रुपये तक जुर्माना करने का प्रावधान है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से अनुरोध किया कि वह अवशेष प्रबंधन करें और पर्यावरण बचाएं।