निर्धारित परीक्षा केंद्र पर जाने के लिए बस स्टैंड परिसर में टिकट लेने के लिए लाइन में खड़े अभ्यार
- फोटो : Jind
जींद। जींद डिपो ने पुरुष पुलिस कांस्टेबल परीक्षा को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रविवार को 20 विशेष बसों का परिचालन किया। जींद डिपो से पहली बस फरीदाबाद के लिए सुबह तीन बजकर पांच मिनट पर निकली। इसके बाद हर 20 मिनट के अंतराल पर विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए बस स्टैंड से बसों को रवाना किया गया।
जींद से यमुनानगर के लिए चार, करनाल के लिए चार, कुरुक्षेत्र के लिए दो, पंचकूला के लिए छह व अंबाला के लिए तीन सहित 20 स्पेशल बस चलाई गईं। पुुलिस कांस्टेबल परीक्षा के लिए पंचकूला, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम व फरीदाबाद में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। ऐसे में महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी जैसे लंबे रूटों पर जिन अभ्यर्थियों के सेंटर आए थे, वह एक दिन पहले ही शनिवार को निकल गए थे। वहीं डिपो प्रबंधन का कहना है कि फरीदाबाद व रेवाड़ी जैसे लंबे रूट के परीक्षा केंद्रों के लिए अगर अभ्यर्थी रात दो बजे भी बस स्टैंड परिसर में आएंगे तो उनकी पर्याप्त संख्या होने पर बसों को रेवाड़ी व फरीबाद के लिए रवाना कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। गौरतलब है कि 31 अक्तूबर से लेकर दो नवंबर तक तीन दिवसीय पुरुष पुलिस कांस्टेबल परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई है। सुबह के सत्र में परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक और शाम के सत्र में तीन बजे से लेकर साढ़े चार बजे तक परीक्षा है। सुबह के सत्र में सुबह साढ़े नौ बजे के बाद और शाम के सत्र में दोपहर दो बजे के बाद अभ्यर्थी को सेंटर में एंट्री नहीं दी जाएगी। जींद से तीनों दिन परीक्षा के लिए साढ़े 11 हजार से अधिक अभ्यार्थी परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों में जाएंगे।
अभ्यर्थियों को नहीं होने दी जाएगी कोई परेशानी
जींद डिपो के जीएम गुलाब सिंह दूहन ने बताया कि अभ्यर्थियों की परीक्षा के दौरान रोडवेज स्पेशल बसों का परिचालन कर रहा है। दूर वाले परीक्षा केंद्रों के लिए डिपो से अलसुबह दो बजे बस भेजी जा रही हैं। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने में नहीं होने दी जाएगी। तीनों दिन अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए जींद बस स्टैंड के अलावा सफीदों व नरवाना उपकेंद्र पर भी कर्मचारियों की स्पेशल ड्यूटी लगाई है।