जींद जुलाना के वार्ड नंबर तीन निवासी 56 वर्षीय जगदीश को 22 दिसंबर में सीने में दर्द हुआ था। परिजन उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में ले गए। यहां जब जगदीश की जांच हुई तो उसके फेफड़ों में गांठ मिली, जिसमें कैंसर की पुष्टि हुई। इसके अलावा वह एन्फ्लूएंजा पॉजिटिव भी पाया गया।
जींद में कोरोना की तरह अब एन्फ्लूएंजा ने भी हरियाणा में दस्तक दे दी है। मामला जींद के जुलाना में सामने आया है। हालांकि मरीज की आठ फरवरी को मौत हो गई थी। मरीज की जनवरी महीने में पीजीआई रोहतक में जांच हुई तो एन्फ्लूएंजा पॉजिटिव आया। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरीज को फेफड़ों का कैंसर था और इसी कारण उसकी मौत हुई है।
विज्ञापन
दो महीने से पीजीआई रोहतक में चल रहा था उपचार
जुलाना के वार्ड नंबर तीन निवासी 56 वर्षीय जगदीश को 22 दिसंबर में सीने में दर्द हुआ था। परिजन उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में ले गए। यहां जब जगदीश की जांच हुई तो उसके फेफड़ों में गांठ मिली, जिसमें कैंसर की पुष्टि हुई। इसके अलावा वह एन्फ्लूएंजा पॉजिटिव भी पाया गया। तभी से जगदीश का उपचार चल रहा था। सात फरवरी को परिजन उसे घर ले आए और आठ फरवरी को जगदीश की मौत हो गई।
परिवार के सभी लोग फिलहाल स्वस्थ
परिजनों ने जगदीश के शव के साथ ही उसके मेडिकल संबंधी सभी कागजात जला दिए। अब स्वास्थ्य निदेशालय से आई मेल से जिला स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जब जगदीश के बारे में पता किया तो पता चला कि उसकी मौत कैंसर से हुई है। हालांकि वह एन्फ्लूएंजा पॉजिटिव था या नहीं इसकी कोई पुष्टि नहीं हो पाई। सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादियान ने कहा कि जगदीश के परिवार के सभी सदस्य ठीक हैं। उनकी जल्द ही जांच करवाई जाएगी। एन्फ्लूएंजा एक वायरस है, जिसमें खांसी, जुकाम या बुखार हो जाता है। इसका संक्रमण तेजी से फैलता है, इसलिए लोगों को भीड़ से दूर रहना चाहिए।