जींद। पिछले दिनों खरक गादियां गांव में एक युवक की पिटाई के बाद उसे जिंदा जलाने की कोशिश के मामले में दलित अधिकार मंच, एससी संघर्ष समिति, ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने शहर में प्रदर्शन किया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डीएसपी धर्मबीर को ज्ञापन सौंपा।
मंच के राज्य संयोजक सोहनदास, सीटू राज्य उपाध्यक्ष कॉमरेड रमेश चंद्र, ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा के राज्य सचिव बसाऊ राम ने कहा कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही के चलते एक परिवार को धरने पर बैठना पड़ रहा है और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। यह लोग पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। इस कारण यह परिवार मानसिक व सामाजिक रूप से परेशान हो रहा है। संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि 15 जुलाई से अजमेर का परिवार लघु सचिवालय के सामने धरने पर बैठा है लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पहले पुलिस ने 25 जुलाई तक का समय दिया था लेकिन अभी तक एक आरोपी को छोड़कर अन्य की गिरफ्तारी नहीं हुई है। यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह लोग यह आंदोलन प्रदेश स्तर पर शुरू कर देंगे। इस मौके पर कपूर सिंह, कर्मबीर, गुलाब, संदीप दालमवाला, सिल्लू ईगराह, मदन, संबू जुलानी, पवन कुमार भी मौजूद रहे।