बच्चे पर चोरी का आरोप लगाकर पिटाई करने के मामले में उचाना थाना पुलिस ने खापड़ गांव निवासी रघबीर, बलदेवा, कुलदीप और रामकुमार के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर रघबीर को गिरफ्तार कर लिया है।
खापड़ गांव निवासी दिनेश कुमार ने एसपी कार्यालय में दी शिकायत में बताया था कि 27 अगस्त की शाम को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग 12 वर्षीय बच्चे पर चोरी करने का आरोप लगाकर उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में पीटने वाले लोग बच्चे से किसी बात की हामी भरने के लिए कह रहे थे, लेकिन वह कह रहा था कि उसने ऐसा कुछ नहीं किया है। बच्चा बचाव के लिए चीखते हुए गिड़गिड़ा रहा था, लेकिन भीड़ में किसी ने भी उसको छुड़वाने की जहमत नहीं उठाई। पिटाई के बाद बच्चे को आरोपी एक बाइक पर बैठाकर ले गए थे। जांच अधिकारी डीएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में खापड़ गांव के रघबीर, बलदेवा, कुलदीप और रामकुमार के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर रघबीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रघबीर से पूछताछ कर रही है। इस मामले में अन्य आरोपियों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।