09जेएनडी01: दोपहर करीब तीन बजे सुनसान पड़ा शहर का सबसे व्यस्त रहने वाला गोहाना रोड। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। अप्रैल में ही इस बार गर्मी रिकार्ड तोड़ रही है। सुबह से ही आसमान से आग बरसनी शुरू हो रही है। दिन ढलने तक तपिश महसूस हो रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो इस बार पिछले दस साल से करीब पांच डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान बना हुआ है। अप्रैल की शुरूआत में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है, लेकिन इस बार नौ अप्रैल को अधिकतम तापमान 43.9 सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया है। शनिवार का दिन सबसे गर्म रहा।
जिले में शनिवार सुबह सात बजे से ही कड़ी धूप हो गई। हालांकि सुबह के समय हवा में नमी होने से कुछ राहत रही, लेकिन जैसे जैसे दिन चढ़ा तापमान भी बढ़ने लगा। दोपहर 12 बजे अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके बाद दोपहर दो बजे अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं जिससे लोग बेहाल रहे। शाम चार बजे तक इसी प्रकार गर्मी बनी रही और इसके बाद गर्मी का असर कम हुआ। शाम छह बजे के बाद लोग घरों से बाहर निकले। दिन के समय तापमान अधिक होने के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों को सहारा लेते नजर आए।
बॉक्स
13 तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार 13 अप्रैल तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। अगले तीन दिन तक अधिकतम तापमान 43-44 डिग्री व न्यूनतम 18-20 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम शुष्क रहेगा।
इस बार अप्रैल में सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक तापमान बना हुआ है। इससे गेहूं की फसल पर असर पड़ा है। सब्जियों का उत्पादन कम हुआ है। किसान शाम के समय सब्जियों की फसलों में सिंचाई करें। शनिवार को अधिकतम तापमान 43.9 व न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पिछले 10 साल में नौ अप्रैल सबसे गर्म दिन रहा है। -डॉ. राजेश कुमार, कृषि मौसम विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केंद्र, पिंडारा।