नागरिक अस्पताल के फ्लू कॉर्नर में लोगों के सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : Jind
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को जिले के पांच लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें से तीन की एंटीजन किट से रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि दो की पोर्टल पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से चार युवक हैं जबकि एक 73 वर्ष बुजुर्ग है। फिलहाल सभी की हालत बिल्कुल ठीक है। जिले में इसके साथ ही 19 सक्रिय केस हो गए हैं।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि मंगलवार को आरटीपीसीआर लैब उचाना ने 490 लोगों की जांच रिपोर्ट जारी की। इनमें से किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। वहीं मंगलवार को ही नागरिक अस्पताल में 39 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। इनमें से तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि दो की पोर्टल पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें अर्बन इस्टेट निवासी 29 वर्षीय युवक, बराड़ खेड़ा निवासी 24 वर्षीय युवक, तांगा चौक निवासी 30 वर्षीय युवक, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय युवक तथा कृष्णा कॉलोनी निवासी 73 वर्षीय बुजुर्ग शामिल है। इस समय जिले में 19 एक्टिव केस हो गए हैं। डॉ. कटारिया ने बताया कि मंगलवार को जिले में 1082 लोगों के आरटीपीसी जांच के लिए सैंपल लिए जबकि 146 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई।
प्रतिदिन 1500 लोगों के सैंपल लेने का दिया टारगेट
कोरोना सैंपल टीम के प्रभारी डॉ. राजेश भोला ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रतिदिन 1500 लोगों के सैंपल लेने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी टीमों को निर्देश जारी कर दिए हैं। अब छुट्टी वाले दिन भी अधिक से अधिक लोगों को सैंपल लिए जाएंगे। इसके अलावा जिन लोगों को बुखार, खांसी, जुकाम या कोई कोरोना से संबंधित लक्षण लगें तो वह तुरंत नागरिक अस्पताल में आकर अपनी जांच करवाए।