कन्हड़ी गांव निवासी 55 वर्षीय महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर एक हजार रुपये की नकदी, आठ-दस सूट व कानों की बालियां चुराने के आरोप में पुलिस ने दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला बिमला ने कहा कि वह अपने मायके खेड़ी मसानियां गई हुई थी। जब वह मायके से आ रही थी तो वह नरवाना बस स्टैंड पर उतर कर बच्चों के लिए खाने का सामान लेने चली गई। इस दौरान दो महिला उसके पास आकर उससेे बातचीत करने लगी। उन्होंने बिमला को बातों में उलझा कर जूस के अंदर कोई नशीली पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। नशे की हालत में दोनों महिलाएं बिमला को धर्म सिंह कॉलोनी में सुनसान जगह पर ले गई। वहां दोनों महिला बिमला के कानों की बालियां, एक हजार रुपये की नकदी व बैग में रखे आठ-दस सूट लेकर फरार हो गई। किसी राहगीर ने पुलिस के पास फोन किया। इसके बाद पुलिस बिमला को एंबुलेंस में लेकर इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंची। जांच अधिकारी एसआई कृष्ण कुमार ने कहा कि बिमला की शिकायत पर दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।