नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई करती पुलिस। संवाद
- फोटो : Jind
नरवाना। पांच दोस्तों ने एक साथ कोचिंग लेते हुए सरकारी नौकरी पाने के सपने संजोये थे। एक हादसे ने उनमें से दो दोस्तों को की जिंदगी छीन ली। हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार रहा। हालांकि हादसे का कारण ट्रैक्टर चालक द्वारा एकदम से कट मारने को बताया जा रहा है, लेकिन कार की गति इतनी तेज थी कि चालक कार को ट्रैक्टर से टकराने को नहीं रोक पाया। हादसा इतना भयंकर था कि देखने वालों की रूह भी कांप जाए।
जानकारी के अनुसार पांच दोस्त दीपावली की छुट्टियां मनाने के लिए शिमला गए थे। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनके दो दोस्तों को उनसे छीन लेगा। हिसार के निजी कोचिंग सेंटर में गांव मिर्जपुर निवासी 20 वर्षीय सोनू, नारनौंद भैणी निवासी 21 वर्षीय दीपक, सुलहेड़ा निवासी 20 वर्षीय किस्मत, जांडली निवासी 20 वर्षीय साहिल और राजथल निवासी 21 वर्षीय सोनू कोचिंग लेते थे। इस कोचिंग सेंटर में ही पांचों की दोस्ती हुई थी। पांचों एक पीजी में रहते थे। चार नवंबर को दीपावली पर सभी अपने-अपने घर गए थे। दीपावली पर सात नवंबर तक कोचिंग सेंटर की छुट्टी थी। इसके चलते सभी ने शिमला घूमने का कार्यक्रम बनाया। पांच नवंबर को दीपक की कार में सभी दोस्त शिमला के लिए निकल गए। वहां से यह लोग शनिवार रात को चले। जब रविवार अलसुबह दो बजे वे नरवाना रेलवे ओवरब्रिज को पार कर रहे थे तो इनके आगे एक ट्रैक्टर-ट्राली चल रही थी। ट्रैक्टर चालक ने अचानक कट मार दिया। इसमें दीपक कार को कंट्रोल नहीं कर पाया और कार ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भयंकर था, जैसे कोई बम फटा हो। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना रात को ही पुलिस को मिल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को संभाला। इसमें सोनू व दीपक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि किस्मत, साहिल व सोनू गंभीर रूप से घायल थे। इसके अलावा ट्रैक्टर पर सवार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव टिलदाना निवासी 24 वर्षीय सोनू की भी मौत हो चुकी थी।
धान की पराली की गांठ बनाने का काम करते थे ट्रैक्टर सवार
कार ने जैसे ही पीछे से ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मारी, ट्रैक्टर पर सवार 24 वर्षीय सोनू उछलकर नीचे गिर गया। जब वह नीचे गिरा तो वह भी कार की चपेट में आ गया और उसकी भी मौत हो गई। ट्रैक्टर पर सवार टिलदाना निवासी कुर्बान व रहमान ने बताया कि वह लोग भूना में धान की पराली की गांठ बनाने का काम करते हैं। रविवार सुबह वह अपनी ट्रैक्टर-ट्राली के साथ उत्तर प्रदेश से भूना जा रहे थे। जब वह नरवाना रेलवे ओवरब्रिज से गुजर रहे थे तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
एएसपी, नरवाना कुलदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ है। अभी यह पता नहीं चला कि ट्रैक्टर कौन चला रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं।