नरवना से चलकर जींद बस स्टैंड पर पहुंची मथुरा के लिए जाने वाली बस। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। हरिद्वार व ऋषिकेश के बाद जींद डिपो ने मथुरा के लिए मंगलवार से बस शुरू की है। यह बस नरवाना से सुबह साढ़ेे दस बजे चलकर लगभग पौने 12 बजे जींद पहुंच जाती है। इसके बाद जींद से मथुरा के लिए यह बस दोपहर 12 बजे निकलती है। मथुरा के अलावा इस समय जींद से हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर बस चलती है। यात्रियों की मांग को देखते हुए डिपो ने मथुरा के लिए डेढ़ साल बाद बस शुरू की है।
कोरानेा संक्रमण के दौरान पिछले साल यह बस बंद हो गई थी। मई 2020 में स्थिति में थोड़ा बहुत सुधार होने के बाद बसों का परिचालन शुरू किया गया था। इसके बाद जींद से हरिद्वार व ऋषिकेश के लिए बस शुरू की गई थी। लेकिन मथुरा के लिए जाने वाली बस को अब यात्रियों की मांग पर डेढ़ साल बाद शुरू किया गया है। शाम को साढ़े छह बजे के बाद बस मथुरा पहुंचेगी। इसके बाद शाम सात बजे यह बस जींद के लिए वापस चलेगी। डिपो अपने स्तर पर यात्रियों को सुविधा देने के लिए प्रयासरत है। ऐसे में डिपो अधिकारियों ने यात्रियों की मांग पर यह बस शुरू की है। ऐसे में जिले के लोगों को धार्मिक स्थलों के भ्रमण के लिए सीधी बस की सुविधा मिलेगी।
मथुरा के लिए यह रहेगा रूट
मथुरा के लिए नरवाना से बस सुबह साढ़े बस चलेगी, जो उचाना होते हुए जींद पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे जींद से मथुरा के लिए बस रवाना होगी। जींद से जुलाना, रोहतक व सांपला होते हुए यह बस दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली से पलवल व कोसी होते हुए बस मथुरा पहुंचेगी। जींद से इस समय इस समय केवल एक एक्सप्रेस ट्रेन सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर है। लेकिन जींद से हरिद्वार के लिए कोई ट्रेन नहीं है। हरिद्वार के लिए अगर यात्रियों को ट्रेन में जाना हो तो उन्हें दिल्ली से हरिद्वार के लिए ट्रेन पकड़नी पड़ती है।
यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा देने के हैं प्रयास
जींद रोडवेज डिपो के जीएम गुलाब सिंह दूहन ने बताया कि यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा देने के लिए डिपो के अधिकारी व कर्मचारी लगातार प्रयासरत हैं। यात्रियों की मांग पर डिपो ने जींद से मथुरा के लिए बस शुरू की है। इसके अलावा जींद से हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए बसें चलती हैं। मथुरा के लिए बस चलने पर यात्रियों को सुविधा होगी। मथुरा के लिए जींद से दोपहर 12 बजें बस चलती हैं।