जींद। रविवार रात सफीदो रोड पर साइकिल से अपने घर लौट रहे मोबाइल मेकेनिक की साइकिल में अज्ञात वाहन के टक्कर मारने से मौत हो गई। वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। भाई के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक का नाम संदीप (36) निवासी हैबतपुर है। सिविल लाइन थाना पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे उसका भाई संदीप गोहाना रोड पर मोबाइल फोन की दुकान से साइकिल से वापस अपने घर आ रहा था। जब वह बस अड्डे से लगभग 300 मीटर की दूरी पर सफीदों रोड की तरफ पहुंचा तो अज्ञात वाहन चालक ने उसके साइकिल को टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया और उसके भाई को कुचल दिया। जिसमें उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उसके भाई के शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।