हरियाणा के जींद जिले के निडानी गांव के पास देर रात को कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से जीजा-साले की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। कार सवार चारों लोग शादी समारोह में शामिल होकर जींद लौट रहे थे। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार शहर के सफीदों बाईपास निवासी अनू घणघस नागरिक अस्पताल में वीटा बूथ चलता था और उसके पास गांव निडानी निवासी कल्लू नाम का व्यक्ति काम करता था। सोमवार को कल्लू की शादी थी। सोमवार देर शाम को अनू घणघस अपने साले गांव सिंधवीखेड़ा निवासी सुनील, दोस्त रामकेश व एक अन्य के साथ शादी समारोह में शामिल होने गया था।
देर रात को जब चारों गाड़ी में सवार होकर वापस जींद आ रहे थे तो जींद-गोहाना मार्ग पर अचानक अज्ञात वाहन आ गया और हादसा बचाते वक्त गाड़ी अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे पेड़ से कार टकरा गई, जिसमें चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने अनू घणघस व उसके साले सुनील को मृत घोषित कर दिया। घायल रामकेश का नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि दूसरे घायल की पहचान नहीं हो सकी और उसे पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया।