दुकान के बाहर पूछताछ करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : Jind
शहर के एक व्यापारी को जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने उसके पुरानी अनाज मंडी में बुलाया। वहां व्यापारी को असलहे की नोक पर धमकाकर घर पर फोन कराया। बदमाशों के चंगुल में फंसे भाई को छुड़ाने के लिए व्यापारी का भाई दस लाख रुपये लेकर बताई गई जगह पर पहुंचा। उससे रुपयों भरा लेकर बदमाश चंपत हो गए। पीड़ित व्यापारी ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने तीन नामजद समेत तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस को दिए बयान मेें रामराय गेट निवासी नितिन गोयल ने बताया कि उसके पास पिछले दो दिन से फोन आ रहे थे। फोन करने वाला अपने आप को वजीर पोंकरी खेड़ी बता रहा था। इसी सिलसिले के चलते मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे उसके पास एक फोन कॉल आई और उसको शहर की पुरानी अनाजमंडी में बुलाया। जब वह बताई गई दुकान पर पहुंचा तो वहां पर बदमाशों ने कहा कि आपने बहुत ज्यादा पैसे कमा रखे हैं। उनमें से 25 लाख रुपये दो अन्यथा यहां से जाने नहीं दूंगा। इसी दौरान पांच छह लोगों ने उस पर पिस्तौल तान ली। जिसके चलते वह डर गया और उसने इस बारे में उसने अपने भाई विपिन को फोन पर जानकारी देकर 10 लाख रुपये मंगवाकर बदमाशों को दे दिए। जिसके बाद बदमाश कार में सवार होकर वहां से चले गए।
नितिन गोयल ने बताया कि वह मोबाइल फोन की दुकान चलाता है, जबकि उसके भाई विपुल की स्टील ग्रिल के सामान की दुकान है। इंदिरा बाजार में भी उनकी किराना की दुकान है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी नीतिश अग्रवाल व शहर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने नितिन के बयान मुकेश गिरी व वजीर सिंह निवासी पोकरी खेड़ी और शिब्बू के खिलाफ नामजद तथा तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा।
-नीतिश अग्रवाल, एएसपी, जींद