साल्हावास। बिरहोड़ गांव में एक युवक ने अपनी मौसी की शुक्रवार की रात को गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बेटे को चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही साल्हावास पुलिस थाना प्रभारी रामकरण, मातनहेल चौकी प्रभारी व डीएसपी नरेश कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मौका मुआयना करने के बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से सुबूत जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में रखवाया। जहां पर शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया है कि उसकी मौसी सावित्री देवी बार-बार शराब पीने से रोकती थी। इसलिए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी है।
शमशेर सिंह उर्फ सांडे ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी मौसी का लड़का संदीप उर्फ सिंटू निवासी बिरहोड़ रात करीब साढे़ 12 बजे उसके घर की तलाशी ले रहा था। जब वह पानी पीने के लिए उठा और संदीप से तलाशी लेने का कारण पूछा तो उसने कहा कि भैंस ने खूंटा उखाड़ दिया है और वह कुदाल ढूंढ रहा है। जब उसने इनकार किया तो उसने शमशेर पर चाकू से वार कर दिया। शमशेर का कहना है कि जब वह अपनी मां को आवाज लगाने लगा तो संदीप ने उसे कहा कि अब उसकी मां नहीं बोलेगी क्योंकि उसने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी है। शमशेर का आरोप है कि उसकी मां सावित्री देवी की गला दबाकर हत्या करने व उस पर चाकू से वार करने के बाद संदीप वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि संदीप शराब पीने का आदी है।
वर्जन
पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोपी को पेश किया जाएगा।
- रामकरण, थाना प्रभारी, साल्हावास।