झज्जर। रेलवे ने रेवाड़ी-झज्जर-रोहतक रेलवे लाइन पर अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। इस ट्रेन के संचालित होने से दैनिक यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे की जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि गाड़ी संख्या 04097, रेवाड़ी-रोहतक अनारक्षित स्पेशल रेल सेवा (सप्ताह में 6 दिन, रविवार को छोड़कर) आगामी आदेशों तक रेवाड़ी से 19.50 बजे रवाना होकर 21.30 बजे रोहतक पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04098, रोहतक-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल रेल सेवा (सप्ताह में 6 दिन, रविवार को छोड़कर) मंगलवार से आगामी आदेशों तक रोहतक से 05.05 बजे रवाना होकर 6.50 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
वर्ष 2019 के मार्च माह में जब कोरोना काल के दौरान पहले लॉकडाउन के पहले चरण में ही रेल सेवाएं बंद कर दी गई थी। उसके बाद से पिछले साल रात के समय जयपुर से हिमाचल के लिए विशेष ट्रेन चली थी। उसके बाद अब यह दूसरी रेलगाड़ी इस रेल लाइन पर दौड़ेगी। इस लाइन पर रेल सेवाओं के लिए व्यापार मंडल भी मांग कर चुका है। वहीं केंद्रीय रेलमंत्री से रोहतक लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ अरविंद शर्मा भी मांग कर चुके हैं।
अधिकांश समय दौड़ती हैं मालगाड़ियां
रेवाड़ी-झज्जर-रोहतक रेलवे लाइन पर रेलगाड़ियों की बजाए मालगाड़ियां अधिक दौड़ रही हैं। कोरोना काल के दौरान माल ढुलाई के लिए हर रोज दर्जनों की संख्या में मालगाड़ियां दौड़ रही हैं। झज्जर में खाद, अनाज, सीमेंट आदि के लिए रेल हेड स्थापित किया गया है। जहां से मालगाड़ियों को खाली करने व अनाज लोड करने का कार्य निरंतर चल रहा है।