आसौदा थाना क्षेत्र में हत्याओं का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। चार दिन में एक महिला समेत तीन की हत्या हो चुकी है। जिसमें से छारा व डाबोदा खुर्द के रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या की जा चुकी है। तीन में से हत्या के एक मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा तो किया है लेकिन इस पर भी ग्रामीण कई तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं और संतुष्ट नहीं हैं।
थाना आसौदा क्षेत्र में अपराधों का सिलसिला बढ़ रहा है। चार दिन पहले 8 अक्तूबर की रात को छारा निवासी बिजेंद्र उर्फ मटरू पहलवान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोली मारकर हमलावर उसकी गाड़ी लेकर भी फरार हो गए थे। मटरू की हत्या के बाद से ही ग्रामीणों में रोष है और वे दो बार छारा टोल पर नेशनल हाईवे पर जाम लगा चुके हैं। उसके बाद 11 अक्तूबर के दिन अलग-अलग घटनाओं में एक महिला व एक युवक की हत्या की वारदातों से पुलिस भी सकपका गई। दहकोरा में महिला राजवंती खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी हत्या की गई। उसके कानों के बाले निकाल लिए और मोबाइल फोन गायब मिला। महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। उसके शरीर पर भी चोट के निशान थे। महिला की हत्या निर्दयता से की गई थी।
इस वारदात को हुए कुछ ही घंटे बीते थे कि रात को रोहद में एक ढाबे पर अपने साथियों के साथ कार सवार वित्तीय व प्रापर्टी डीलर डाबोदा के इंद्रजीत की बाइक पर सवार तीन युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इंद्रजीत दिल्ली में रहता था और गांव में भी आता-जाता रहता था। इंद्रजीत दो बच्चों का पिता था। थाना प्रभारी बाबूलाल का कहना है कि पुलिस की कई टीमें वारदातों के इन मामलों को सुलझाने में लगी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।