झज्जर। शहर के श्रीराम पार्क से लघु सचिवालय तक सर्व कर्मचारी संघ, सीटू व अन्य संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नायब तहसीलदार के माध्यम से उपायुक्त के नाम 28-29 मार्च को हड़ताल करने के लिए ज्ञापन सौंपा।
काफी संख्या में कर्मचारी श्री राम पार्क में एकत्रित हुए व हाथ में बैनर और झंडे लेकर पुरानी पेंशन बहाल करो, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करो, निजीकरण बंद करो, ठेका प्रथा बंद करो, आंगनबाड़ी वर्क र से बात करो, हटाए गए कर्मचारियों को बहाल करो, नई शिक्षा नीति पर रोक लगाओ, बेरोजगारों के लिए रोजगार का प्रबंध करो, महंगाई पर रोक लगाओ आदि नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। सर्व कर्मचारी संघ के राज्य के पदाधिकारी अफनातून जाखड़, मेकेनिकल के राज्य प्रधान जयपाल गुढ़ा, रिटायर्ड कर्मचारी संघ से रामेश्वर बिरधाना, सीटू से सरोज दुजाना, किरण बहराणा आदि ने कहा कि सरकार की नीतियां जो आमजन के विरोध में है, संगठन उसका विरोध करता है। 28, 29 मार्च को भारत बंद में कर्मचारी संगठन हड़ताल में भाग लेंगे। जिला सचिव विष्णु जांगड़ा ने कहा कि सरकार जो आंगनबाड़ी के प्रति हठधर्मिता बनाए हुए है वह किसी भी प्रकार से सुखद नहीं है। जिला प्रधान रामबीर ने कहा कि सरकार स्वयं ही रोजगार कौशल के नाम से रोजगार पर रोक लगा रखी है, जोकि हरियाणा के विकास में एक बाधक बनेगी। पढ़े-लिखे युवाओं की उनकी योग्यता के आधार पर सम्मानजनक वेतन के साथ नियमित भर्ती की जाए। हर विभाग में हजारों पदों को भरा जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की समस्या न हो। प्रदर्शन में हेमसा की राज्य उप महासचिव मुकेश खर्ब, अध्यापक संघ से रमेश जाखड़, विजेंद्र सैनी, बंशीलाल, राम दर्शन, सोलंकी, सुनील, भूपेंद्र ,योगेश, कमलेश, हरीश डावला, जगबीर, सतबीर, राकेश, भूपेश, श्रीभगवान, संदीप, प्रदीप, मोहित, अंजू , कामता, अनीता सहित सैकड़ों कर्मचारियों ने इस प्रदर्शन में भाग लिया।