बहादुरगढ़। सोशललिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस के दाम में 50 रुपये की बढ़ोत्तरी के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ोत्तरी को वापस लेने की मांग की।
प्रर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश कमेटी सदस्य जयकरण ने कहा कि डीजल पेट्रोल, रसोई गैस, सीएनजी समेत तमाम ईंधनों के दाम आसमान छू रहे हैं। रसोई गैस के दामों ने हर घर का बजट बिगाड़ दिया है। कुछ दिन पहले स्कूल कॉलेजों की फीस बढ़ाई, किताब कापियों, दवाओं और बिजली के दाम बढ़ाए गए। डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ाने से ट्रकों के माल भाड़े बढ़ गए। जिससे जरूरत की हर चीज 10-20 प्रतिशत महंगी हो गई है। कमेटी सचिव रामकिशन ने कहा कि अच्छे दिनों का वादा करके सत्ता में आई भाजपा बुरे दिन ला रही है और पूंजीवादी व्यवस्था के हक में आर्थिक संकट का सारा बोझ गरीबों पर डाल रही है। आम आदमी की क्रय शक्ति खत्म होने से अर्थव्यवस्था में भयंकर मंदी छाई हुई है, जिस कारण सार्वजनिक और निजी उद्योग बंद होते जा रहे रहे हैं। लगे लगाए रोजगार छूटते जा रहे हैं। किसान मजदूर शोषण के शिकार हैं, उनकी मेहनत के पूरे दाम नहीं मिलते, नौजवान रोजगार के लिए धक्के खा रहे हैं, आमदनी का कोई जरिया नहीं है, ऊपर से महंगाई बढ़ाई जा रही है। जब रोजगार ही नहीं है तो घर का खर्च कैसे चलेगा, गुजारा कैसे होगा।
सतीश कुमार और लालजी ने कहा कि आंदोलन के अलावा मेहनतकश जनता की मुक्ति का कोई रास्ता नहीं है। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ जन आंदोलन तेज करने की जरूरत है। इस अवसर पर शिव प्रसाद मौर्य, संदीप दीक्षित, सीताराम मेहतो, संजीवन व सुरेश भी उपस्थित थे।