साहब मैं जिंदा हूं, रिकॉर्ड में मुझे मृतक दिखाकर मेरी पेंशन बंद कर दी गई। कागजात में मरा हुआ दिखा कर। यह शब्द कहते हुए समाज कल्याण विभाग कार्यालय में बिसाहन गांव का एक बुजुर्ग चक्कर काट रहा है। सरकारी कागजों में मृत घोषित होने के बाद बुजुर्ग को मार्च माह की पेंशन नहीं मिली है।
हरियाणा के झज्जर के गांव बिसाहन निवासी बलवान पुत्र धर्मा ने बताया कि उसकी डाकखाने में पेंशन आती है। 23 अप्रैल को डाकखाने में पेंशन लेने गया तो कर्मचारियों ने बताया कि पेंशन नहीं आई है। उसके बाद उसने ऑनलाइन चेक कराया तो पता चला की रिकॉर्ड में उसे मृत घोषित किया जा चुका है।
उसके बाद बुजुर्ग समाज कल्याण विभाग अधिकारी झज्जर के कार्यालय में अधिकारियों से मिला और पूरा मामला बताया। बुजुर्ग ने बताया कि समाज कल्याण विभाग में कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने उसकी पेंशन नहीं काटी है। बुजुर्ग ने पेंशन को दोबारा से चालू करवाने के लिए सीएम विंडो में शिकायत दर्ज करवाई और इस मामले की जांच कराने की मांग की है।
गांव बिसाहन के बुजुर्ग की पेंशन कटने और कागजों में मृत घोषित होने का मामला संज्ञान में नही है। संज्ञान में आने के बाद बुजुर्ग से सभी कागजों को चेक करके दोबारा से पेंशन चालू करवा दी जाएगी। बुजुर्ग को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - बीरेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी, झज्जर।