जिले के सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों की स्नातक कक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक सप्ताह से चल रही है। आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन भी साथ-साथ किया जा रहा है। तीसरे दिन नेहरू कॉलेज में शाम तक विभिन्न कक्षाओं के 60 फार्म सत्यापन के लिए मिले।
कॉलेजों में आवेदन पत्रों की ऑनलाइन जांच की जा रही है, लेकिन विद्यार्थी की ओर से फॉर्म में जिस कॉलेज की फर्स्ट च्वाइस भरी है, उसके फॉर्म की जांच पहले उसी कॉलेज में की जा रही है। यदि किसी विद्यार्थी के दस्तावेज में कोई कमी मिलती है तो उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजा जा रहा है। विद्यार्थी को निर्धारित समय सीमा के अंदर उस कमी को दूर करके अपना दस्तावेज दोबारा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 अगस्त है। दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच 28 अगस्त तक होगी। पहली मेरिट लिस्ट दो सितंबर को जारी की जाएगी।
अब तक 546 आवेदन
राजकीय महाविद्यालय, झज्जर में स्नातक कक्षाओं की 1180 सीटों के लिए अब तक 546 आवेदन किए गए हैं। इनमें से बीए की 480 सीटों के लिए 312, बीकॉम की 160 सीटों के लिए 41, बीएससी नॉन मेडिकल की 300 सीटों के लिए 110, बीएससी मेडिकल की 80 सीटों के लिए 27, बीबीए की 80 सीटों के लिए 17 व बीसीए की 80 सीटों के लिए 39 आवेदन किए गए हैं।
विद्यार्थियों से अपील है कि ऑनलाइन आवेदन के लिए समय कम बचा है। वे जल्द से जल्द अपना आवेदन करें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में कोई परेशानी न आए।
- डॉ. अमित भारद्वाज, मीडिया प्रभारी, नेहरू कॉलेज, झज्जर।