छुछकवास मार्ग स्थित ग्वालीशन गांव के पास हाईवा डंपर चालक ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और डंपर के पिछले टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गए। इससे बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने हादसे की सूचना 112 नंबर और छुछकवास पुलिस को दी।
डंपर चालक को पीछे से आ रही गाड़ियों के चालकों ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। खाचरौली के महेंद्र सिंह पुत्र जगमाल सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद दिल्ली पुलिस में कार्यरत थे। यहां उनकी तैनाती बटालियन चार में सीपीओ कार्यालय में थी। सोमवार को वह अपनी बाइक लेकर ड्यूटी पर जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। डंपर चालक को काबू कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- अशोक कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस चौकी, छुछकवास