भिवानी जिले के गांव तालु के किसान राजकुमार ने संयुक्त किसान मोर्चा को अपनी डेढ़ एकड़ जमीन दान देने की घोषणा की है। उन्होंने यह घोषणा रविवार को टीकरी बार्डर पर आयोजित सभा में संयुक्त किसान मोर्चा के मंच से की। राजकुमार तालु अपने साथी करीब 40 युवाओं के साथ किसान जागरूकता मशाल लेकर टीकरी बार्डर पहुंचे।
राजकुमार तालु ने सभा में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए तीनों नए केंद्रीय कानूनों को वापस लेने की मांग की। मोर्चा के प्रयासों को देश के किसानों के हित में बताया और अपनी डेढ़ एकड़ जमीन संयुक्त किसान मोर्चा को दान देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा पर सभा में मौजूद किसानों ने तालियां बजाकर अभिनंदन किया। किसान आंदोलन की टीकरी बार्डर कमेटी के सदस्य रमेश सुडाना ने कहा कि जाटुसाना खाप-84 से आए युवाओं का किसान आंदोलन के प्रति समर्पण देखते ही बनता था।