झज्जर। आजादी के अमृत महोत्सव शृंखला के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग ने मंगलवार को महर्षि दयानंद स्टेडियम में जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया। झज्जर की एसडीएम शिखा ने मुख्य अतिथि के तौर पर प्रतिभागी महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। विजेताओं को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में ब्लाक स्तर पर सराहनीय प्रदर्शन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायक ने भागीदारी की। पांच किमी साइकिल रेस में दुल्हेड़ा की आरती ने पहला स्थान पाया।
एसडीएम ने कहा कि धरातल पर सरकार की योजनाओं को पहुंचाने, महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जिम्मेदारी के साथ कार्य करती हैं। कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्य के साथ-साथ रेसिपी बनाओ व खेलकूद आदि गतिविधियों में भागीदारी से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। ऐसे में प्रतियोगिता में भागीदारी अवश्य करनी चाहिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रियंका ने बताया कि प्रतियोगिता में मटका रेस, 100, 300 और 400 मीटर की रेस, आलू रेस व पांच किलोमीटर की साइकिल रेस का आयोजन हुआ। मटका रेस में गांव लकड़िया की मनोज, 100 मीटर में डाबोदा खुर्द की कविता, 300 मीटर में चिमनी की नैंसी, 400 मीटर में गुभाना की मनीषा, आलू रेस में लकड़िया की प्रमिला व पांच किमी साइकिल रेस में दुल्हेड़ा की आरती पहले स्थान पर रही।