हत्या के बाद जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के झज्जर जिले के गांव बादली में शनिवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बादली निवासी कपिल(25) पुत्र इंद्र सिंह के रूप में हुई है। झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने आए कृपाल नामक युवक के हाथ में भी गोली लगने के वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में झगड़े का कारण पैसों का लेनदेन सामने आया है।
पुलिस के अनुसार बादली का कपिल शनिवार सुबह अपने मकान के सामने खड़ा था। तभी गांव का ही सोमबीर मौके पर पहुंचा और दोनों में कहासुनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि सोमबीर ने रिवाल्वर निकाल ली और कपिल पर कई फायर कर दिए। तीन गोलियां कपिल को लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फायर के दौरान ग्रामीण कृपाल ने बीचबचाव करने की कोशिश की तो एक गोली उसके हाथ में भी लग गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर जरूरी पूछताछ के बाद कपिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया।
पिछले कई दिनों से दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर झगड़ा चल रहा था। बताया जा रहा है कि सोमबीर के पास लाइसेंसशुदा रिवॉल्वर था और इसी रिवॉल्वर से गोलियां दागी गई हैं। मृतक कपिल के भाई विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कपिल कुछ समय पहले सोमबीर के पास गाड़ी चलाता था और करीब 75 हजार रुपये सोमबीर की तरफ बकाया थे।
कई दिनों से सोमबीर उसे पैसे देने से मना कर रहा था। इसी को लेकर शनिवार की सुबह भी कपिल ने सोमबीर से पैसे मांगे तो झगड़ा शुरू हो गया। इस पर सोमबीर ने रिवाल्वर से कपिल पर गोलियां चला दीं। कपिल को तीन गोलियां लगीं जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। सूचना पर बादली पुलिस थाना प्रभारी जसबीर के साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतक के परिजनों से बातचीत के साथ ही मामले में पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेनदेन का सामने आया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही मामले में पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। -वसीम अकरम, एसपी झज्जर