शिक्षिका का एटीएम कार्ड बदल कर निकाले 59 हजार
बहादुरगढ़। रक्षा बंधन पर्व को लेकर एसबीआई के एटीएम में पैसे निकलवाने गई एक शिक्षिका से शातिर युवक ने धोखे से उसका एटीएम बदल लिया और बाद में उसके खाते से 59 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित शिक्षिका को इसका घर जाने के बाद चला। उसने पुलिस व बैंक में शिकायत देकर धोखाधड़ी करके निकाले गए रुपये की बरामदगी करवाए जाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फरीदाबाद में कार्यरत व लाइनपार के रविदास मंदिर के पास रहने वाली शिक्षिका आशा पत्नी संजीव कुमार 21 अगस्त की शाम को रेलवे रोड पर स्थित एसबीआई के एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए गई थी। यहां से उसने रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए घर के खर्च के लिए 10 हजार रुपये निकाले थे। आशा के अनुसार इस दौरान उसके पीछे कई अन्य व्यक्ति भी खड़े थे। जब उसने अपना कार्ड मशीन में लगाया तो वह सही से काम नहीं कर पाया। इसी दौरान पीछे से एक व्यक्ति ने उसके हाथ पर हाथ मारा और जोर से कार्ड को मशीन में लगाने के लिए कहा। जैसे ही उसने कार्ड लगाया तो इसी दौरान उसने बातों में उलझा लिया और अचानक उसका एसबीआई का एटीएम कार्ड बदल कर दूसरे व्यक्ति का कार्ड थमा दिया। लेकिन आशा को इसका पता नहीं चल पाया। अगले दिन जब उसके खाते से 2 बार 20-20 हजार रुपए व एक बार 19 हजार 300 रुपये की ट्रांजेक्शन किसी दूसरे व्यक्ति के खाते में हुई तो इसका मैसेज उन्हें मिला। मैसेज देखते ही वह सकपका गई और परिवार के सदस्यों को इसके बारे में बताया। इसके बाद आशा व परिजन बैंक में पहुंचे और घटना के बारे में अवगत करवाया। फिर पुलिस को शिकायत दी। उधर, मामले में जांच अधिकारी उप निरीक्षक कर्ण सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पैसे कहां-कहां से निकाले गए हैं इसका भी पता किया जा रहा है।