अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
कोहरे की वजह से वीरवार को रोहतक-दिल्ली हाईवे (एनएच-9) पर निर्माणाधीन केएमपी के पास 12 गाड़ियां टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कई लोगों को हल्की चोटें आई है। पुलिस ने घटना को इत्तफाक मानकर कार्रवाई की है।
पिछले सप्ताहभर से मौसम के खुलने से कोहरे का असर कम हो गया था। मगर वीरवार की सुबह क्षेत्र फिर से कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। कोहरे के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ गई। रोहतक-दिल्ली हाइवे पर तो हालात गंभीर हो गए। यहां निर्माणधीन केएमपी के पिलरों व डिवाइडर से सुबह सवा 7 बजे कोहरे की वजह से एक के बाद 12 गाडिय़ां आपस में टकरा गई। इस हादसे से गाडिय़ां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। एक ट्रक तो सड़क के बीचों बीच डिवाइडर पर चढ़ गया। एक के बाद एक गाडिय़ां टकराने से इनमें सवार यात्री बुरी तरह से सहम गए। एक युवक को काफी चोट तो कुछेक अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई। जिनका बहादुरगढ़ के अस्पताल में उपचार कराया गया। गाडिय़ों के टकराने से हाइवे पर आवागमन बाधित हो गया।
वाहन चालक बोलें
हिसार निवासी नफे सिंह ने कहा कि वे वीरवार की सुबह अपनी स्वर्गीय माता की अस्थियों को विसर्जित करने के लिए यूपी के गढग़ंगा में जा रहे थे। बहादुरगढ़ क्षेत्र में पहुंचे तो यहां केएमपी के पिलर में गाड़ी लगी हुई थी। धुंध अधिक होने के कारण वह दिखाई नहीं दी। दिखने के बाद जब तक ब्रेक लगाते गाड़ी टकरा गई। रोहतक निवासी ओमप्रकाश ने कहा कि वह सुबह दिल्ली जा रहे थे। रास्ते में रोहद बाईपास के पास सड़क किनारे एक ट्रक था। धुंध की वजह से वह दिखाई नहीं दिया। जब नजदीक पहुंचे तो वह दिखाई। खड़े ब्रेक लगाकर बचाव करना पड़ा। अन्यथा हादसा हो सकता था।
पिलरों को ठहराया हादसे का कारण
नरेंद्र ने कहा कि वर्षों पहले केएमपी के लिए बनाए गए पिलर अब सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के कारण बिलकुल किनारों पर आ गए हैं। जो बीच में हैं, उन पर भी सावधानी के लिए ऐसा कुछ नहीं लगाया गया, जिससे वाहन चालक सतर्क हो सकें। प्रशासन इस ओर ध्यान दें। उधर, सदर थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने कहा कि सूचना मिलते ही राहत कार्य के लिए पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। कु छ लोगों को थोड़ी बहुत चोटें आई हैं।
-
एनएच-9 पर कोहरे के कारण टकराई 12 गाड़ियां
- आपस में टकराने से क्षतिग्रस्त हो गई गाड़ियां, कई लोग चोटिल