फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धुंध के चलते चौधरीवास में कैंटर ने स्कूली बस को मारी टक्कर, 25 से ज्यादा छात्र-छात्राएं घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

हिसार/सिवानी।
हिसार-राजगढ़ मार्ग पर चौधरीवास गांव के पास वीरवार सुबह एक कैंटर ने स्कूली बस को टक्कर मार दी। फिर एक-एक कर कई वाहन टकरा गए। इससे स्कूली बस में सवार 25 से ज्यादा छात्र-छात्राएं घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को बस से निकाला और शहर के निजी अस्पतालों में दाखिल कराया। हादसे के कारण हाईवे पर काफी देर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
चौधरीवास गांव के आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल की एक बस गावड़, बड़वा और चौधरीवास गांव से छात्र-छात्राओं को स्कूल लेकर आती-जाती है। बस में करीब 50 छात्र-छात्राएं सवार थे। गावड़ निवासी चालक प्रदीप गांव से स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बस में लेकर बड़वा गांव में पहुंचा। वह वहां से ढाणियों से और बच्चों को बैठाकर हाईवे पर चौधरीवास में पहुंचा। वह लिंक रोड से हाईवे पर चढ़कर स्कूल की तरफ बस मोड़ने लगा। वहां काफी धुंध थी। तभी हिसार की तरफ से आ रहे कैंटर ने बस को टक्कर मार दी। इस कारण बस पलट गई और 25 छात्र-छात्राओं को चोटें लगी। लोग हादसे की बात सुनकर घटनास्थल की तरफ दौड़े और घायल बच्चों को निकालकर एक निजी अस्पतालों में दाखिल कराया। इस हादसे के बाद कैंटर के पीछे ट्रक ने टक्कर मार दी। उसके पीछे आ रही हिंदू पब्लिक स्कूल की बस ने टक्कर मार दी। उस बस में सवार दो छात्रों को मामूली चोट लगी।
विज्ञापन


इन छात्र-छात्राओं को लगी चोट
हादसे में आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 25 छात्र-छात्राओं को चोटें लगी। इनमें बड़वा गांव की प्रियंका 12वीं, नेहा दसवीं, अंतिम आठवीं, अंकुश चौथी, सुहानी यूकेजी, देव सातवीं, गौरव दसवीं, अनिशा पांचवीं, गावड़ की अनुष्का छठी, मोहित पांचवीं, विकास पांचवीं, दीपक दसवीं, नरेंद्र चौथी, विक्रम चौथी, शुभम चौथी, मनीष पांचवीं, भूमिका पांचवीं, राधिका यूकेजी, योगेश छठी, चौधरीवास की ममता दसवीं, संदीप चौथी घायल हो गए। कुछ अन्य छात्रों को मामूली चोट लगी। इसके अलावा दूसरी बस में सवार हिंदू पब्लिक स्कूल के दो छात्रों को चोटें लगीं। कैंटर चालक यमुनानगर से प्लाइवुड का सामान भरकर इंदौर के लिए चला था। आजाद नगर चौकी इंचार्ज प्रताप सिंह ने बताया कि वाहनों को रोड से हटाकर कब्जे में लिया है। कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को डिस्चार्ज कर दिया है, अब तीन छात्र उपचाराधीन हैं।
विज्ञापन


कट पर साइन बोर्ड, न ब्रेकर
स्कूल बस की इस टक्कर के पीछे हादसे की वजह केवल घना कोहरा ही नहीं है, बल्कि वहां साइन बोर्ड और उससे पहले वाहनों की गति धीमी करने के लिए ब्रेकर का न होना भी माना जा रहा है। ग्रामीण राजकुमार बिश्नोई ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के बीचोंबीच दूसरी सड़क पर जाने के लिए गांव में कट तो दे दिया है, लेकिन सड़क के दोनों तरफ न तो साइन बोर्ड लगाया गया है और न ही दोनों तरफ से वाहनों की गति धीमी होने के लिए ब्रेकर बनाए गए हैं। ब्रेकर नहीं होने से वाहन तेज गति से दौड़ते हैं और इससे हादसा होने की आशंका बढ़ने लगी है।

धुंध : कैंटर ने स्कूली बस को मारी टक्कर, 25 से अधिक छात्र-छात्राएं घायल
-एक-एक कर आपस में टकराए कई वाहन, चालक के खिलाफ केस दर्ज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें